“नीले जल की गोद में लक्षद्वीप: प्रकृति, शांति और रोमांच का संगम”
लक्षद्वीप की यात्रा का यह सफर अगत्ती और करवत्ती द्वीपों की प्राकृतिक सुंदरता का जीवंत वर्णन है। क्रिस्टल-क्लियर नीले पानी, स्कूबा डाइविंग, डॉल्फिन दर्शन और शांत समुद्री तटों का अनुभव किसी सपने जैसा है। स्थानीय संस्कृति, सरल जीवन और प्रकृति के बीच बिताए ये पल मन को अद्भुत शांति और यादगार अनुभव प्रदान करते हैं।
लक्षद्वीप जाने का कार्यक्रम बनते ही मन में उत्सुकता की नीली लहरें उठने लगी थीं। बैंगलोर से एक छोटे विमान में अगत्ती के लिए उड़ान भरी तो सफर शुरू होने से पहले ही रोमांच का एहसास होने लगा। हमें पहले ही बता दिया गया था – लैंडिंग के समय कैमरा तैयार रखिए। ऊपर से दिखने वाला दृश्य ऐसा था मानो विराट समुद्र के बीच एक पतली-सी रजत रेखा हमारा इंतज़ार कर रही हो। लगता था जैसे दोनों तरफ अथाह समुद्र है और बीच की संकरी पट्टी पर विमान उतरने वाला है। इतनी छोटी जगह पर विमान उतरता देख इंजीनियरिंग का अद्भुत कमाल महसूस हुआ। यह दृश्य केवल कैमरे में ही नहीं, दिल में भी हमेशा के लिए अंकित हो गया।
अगत्ती से हमें एक छोटे जहाज़ से करवत्ती जाना था—करीब तीन घंटे की समुद्री यात्रा। करवत्ती में ज्यादातर रहने की व्यवस्था होम स्टे जैसी ही है, और यहाँ के होम-स्टे प्रोफेशनलिज़्म के साथ व्यक्तिगत स्पर्श का सुंदर संगम हैं। हमारा कमरा समुद्र के बिलकुल किनारे था। बालकनी से दिखती शांत लहरें, रात को सुनाई देती उनकी धीमी आवाज़—सब कुछ जैसे किसी रूमानी फिल्म का हिस्सा हो। आइलैंड के आसपास कम गहराई वाला समुद्र किसी विशाल प्राकृतिक स्विमिंग पूल जैसा लगता था—नीला, शांत, पारदर्शी और मन को छू लेने वाला।
अगली सुबह समुद्र की नीली दुनिया की ताजगी आँखों में भर गई। दोपहर में हमने म्यूज़ियम देखा—जहाँ समुद्री जीवन की झलकियाँ, विभिन्न मछलियाँ और कोरल्स बहुत सुंदर तरीके से प्रदर्शित थे। फिर हम लाइटहाउस पहुँचे। लगभग 195 सीढ़ियाँ चढ़कर ऊपर पहुँचे तो सामने समुद्र का नीला विस्तार और दूसरी ओर नारियल के वृक्षों की हरियाली ऐसी दिख रही थी मानो धरती पर प्रकृति ने हरी कालीन बिछा दी हो. उसमें जो छोटे-छोटे घर दिखाई देते थे वो ऐसे लगते थे मानो इस प्राकृतिक कालीन पर किसी ने अलग-अलग रंगों के और आकर के डिजाइन बना दिए हैं. ऊपर से दिखता सूर्यास्त किसी कविता जैसा था।
उसके बाद हमने समुद्र किनारे फँसे उस पुराने जहाज़ के अवशेष भी देखे, जो 10–15 साल पहले क्षतिग्रस्त होकर यहाँ ठहर गया था। उसकी विशालता को देखकर समुद्र की शक्ति का अंदाज़ा हुआ. हमने अपने जीवन में खराब विमान, बस, कार, ट्रक ये सब देखे लेकिन एक जर्जर अवस्था का जहाज देखने का यह पहला अनुभव था.
अगले दिन स्कूबा डाइविंग का अनुभव लेना तय हुआ। यहाँ की खास बात है कि डाइविंग से पहले समुद्र किनारे 15 मिनट की प्रैक्टिस कराते हैं ताकि मुँह से साँस लेने की आदत पड़ जाए। इसके बाद बोट से लगभग दो–तीन किलोमीटर अंदर ले जाया जाता है, जहाँ समुद्र की गहराई करीब 15 मीटर होती है। हमारी बोट ग्लास-बोट थी—नीचे का सारा समुद्री संसार पारदर्शी काँच से साफ दिखाई दे रहा था: रंग-बिरंगी मछलियाँ, कोरल्स, समुद्री पौधे—मानो किसी जीवंत चित्र-पुस्तक में प्रवेश कर गए हों।
हम छह लोग थे; दो लोगों ने ही डाइव करने का निर्णय लिया। बाकी लोग बोट से ही समुद्र का आनंद लेते रहे। ब्रेड के छोटे-छोटे टुकड़ों पर टूट पड़ती मछलियों का स्पर्श उंगलियों पर महसूस होना बेहद अनोखा और आनंददायक अनुभव था। बोट पर लेटकर ऊपर नीला आकाश और नीचे नीला समुद्र—यह क्षण भीतर तक शांति से भर देने वाला था। इसके अलावा बीच समंदर में बोट पर लेटकर ऊपर नीला आकाश, नीचे नीला समुद्र और बोट को हल्की हल्की थप्पड़ें मारती समुद्र की लहरें, यह एक ऐसा अनुभव था जो सिर्फ महसूस किया जा सकता है व्यक्त नहीं. अगर आप किसी वजह से स्कूबा डाइविंग न भी करना चाहें तो भी समुद्र में बीच समुद्र में इस ढंग के रुककर एक अलग ही अनुभव जरूर लें.
हम दो दिन बाद करवत्ती से वापस अगत्ती पहुँचे। हमारा अगला ठहराव भी समुद्र के ठीक किनारे था—तीन कमरे, सामने छोटा-सा आँगन और उसके पार लहरें। इस समुद्र किनारे की लहरें करवत्ती की तुलना में अधिक प्रबल थीं, पर रंगों की वही जादुई छटा—नीला, हरा और गहरा नीला.
खाने की व्यवस्था भी समुद्र किनारे की छाँव में थी—सुबह एक वृक्ष के नीचे नाश्ता, दोपहर दूसरे वृक्ष के नीचे भोजन, और रात का भोजन लहरों की ध्वनि के साथ। मलयाली भोजन की महक और समुद्र की संगीत-सी आवाज़ मिलकर भोजन की लज्जत कुछ ज्यादा ही बढ़ा देते थे.
समुद्र के किनारे पर बचपन वापस बुलाकर जीने का अपना एक अलग ही अनुभव है. इसके तहत यहाँ हमने "Lakshadweep" टी-शर्ट्स खरीदीं और किराये पर स्कूटर लेकर अगत्ती द्वीप की सैर की। इससे स्थानीय जीवन को करीब से देखने का सुंदर अवसर मिला। एक बात बहुत महसूस हुई—यहाँ के लोग धर्म को निजी आस्था और संस्कृति को सार्वजनिक जीवन का हिस्सा मानकर जीते हैं। यह संतुलन बहुत सहज और सुंदर लगता है।
अगले दिन हम डॉल्फिन देखने निकले। शुरू के लगभग छह किलोमीटर समुद्र की गहराई केवल पांच–सात फीट थी, इसलिए ग्लास-बोट से नीचे मछलियाँ, कोरल्स और कछुए बेहद स्पष्ट दिख रहे थे। थोड़ा आगे समुद्र अचानक दो–तीन किलोमीटर गहरा हो जाता है—वहीं हमें चंचल डॉल्फिन्स के परिवार से मिलने का मौका मिला. उनके खेलकूद को देखकर अपने बचपन की यादें ताजा हो गईं. वे हमारे साथ जैसे खेल ही रही थीं। नाविक तब तक बोट को मोड़ते रहे जब तक उन्होंने हमारे चेहरे पर डॉल्फिन देखने की पूरी संतुष्टि न देख ली—यह उनका अद्भुत प्रोफेशनल टच था।
वापसी में हमने समुद्र से सूर्यास्त देखा और ईस्टर्न जेट्टी पर उतरे. ईस्टर्न जेटी छोटी बोट्स और फेरी के लिए है बड़े मालवाहक जहाज वेस्टर्न जेटी पर रुकते हैं. इन दो जेटी के बीच करीब छह-सात किलोमीटर की लंबाई लिए अगत्ती आइलैंड है. जिसके एक सिरे पर एअरपोर्ट है और दूसरे सिरे पर हम जहाँ ठहरे थे वो सिरा.
इसके बाद अगले दिन हमने कलपट्टी आइलैंड का सफर किया—यह मानव-रहित द्वीप है। यहाँ सिर्फ रेत, कोरल्स, पत्थर और समुद्री वनस्पति थे। प्रकृति का यह एकांत रूप मन में गहरी शांति छोड़ गया।
वापसी रात के अंधेरे में हुई। बोट की रफ्तार, लहरों का संगीत, काँच के नीचे चमकता समुद्र… यह सफर किसी ध्यान की अवस्था में ले गया। ऐसा लगा जैसे बाहर समुद्र की लहरें चल रही हैं, और मन के भीतर आनंद की तरंगें.
इस पूरे प्रवास में दृश्यों की , वातावरण की और यहां तक लोगों के व्यवहार ने एक बात की अनुभूति बार बार हुई , वह थी सरलता !! यह जगह अभी भी दुनिया की चकाचौंध, प्रवासियों की दम घोंटने वाली भीड़ से दूर एक शांत , रम्य सुकून भरी सांस देने वाली है।
सब कुछ दिखे स्वच्छ इस नीले हरे पानी में ...
तह के पत्थर हो या फिर अपना अक्स हो ऐसे
बिना छल कपट , दिखावे के
सीधा सरल साफ़ मन का शख्स हो जैसे
समुद्र और धरती का मिलन, सूर्योदय-सूर्यास्त की सोने-सी चमक, नीले जल का साम्राज्य और यहाँ की सहज, सरल संस्कृति—इन सबको दिल में संजोकर हम वापस पुणे लौट आए।





