Back to blog
उपासनाउपवासअनुष्ठानआत्मविकास

आत्मविकास की योगत्रयी: उपवास, उपासना और अनुष्ठान

June 6, 2025·6 min read·

सावन का महीना आते ही, हिन्दू संस्कृति में उपवास, उपासना और अनुष्ठान करने की परंपरा है. इस लेख के माध्यम से, आज के युग में, उपवास, उपासना, और अनुष्ठान की प्रासंगिकता समझने का एक प्रयास किया गया है. यह लेख पंडित श्रीराम शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक "उपासना, समर्पण योग" से प्रेरित शब्दांकन है.

सावन का महीना आते ही, हिन्दू संस्कृति में उपवास, उपासना और अनुष्ठान करने की परंपरा है. इस लेख के माध्यम से, आज के युग में, उपवास, उपासना, और अनुष्ठान की प्रासंगिकता समझने का एक प्रयास किया गया है. यह लेख पंडित श्रीराम शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक "उपासना, समर्पण योग" से प्रेरित शब्दांकन है.

उपवास — संकल्प और संयम की साधना

"उपवास" का शाब्दिक अर्थ है — ईश्वर के समीप वास करना। किन्तु व्यावहारिक अर्थ में उपवास वह संकल्प है जिसके अंतर्गत व्यक्ति किसी विशेष लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अपने आचरण, खान-पान, या दिनचर्या पर नियंत्रण रखते हुए एक निश्चित समय तक किसी नियम का पालन करता है. उदर शोधन के अतिरिक्त उपवास का विशेष लाभ यह है कि उससे मनोविकार का शोधन हो सकता है. जो शक्ति पाचन में लगती वह बचने पर उसका उपयोग मन के अपचन को, विचार की विकृति को दूर करने में लगा सकते है। अर्थात उपवास केवल भोजन का त्याग नहीं है, यह मन, वाणी और व्यवहार को शुद्ध करने का एक साधन है. उपवास वह संकल्प है जब हम अपनी इंद्रियों पर नियंत्रण रखते हैं, तो विचार और भावना भी संयमित होने लगते हैं. इससे व्यक्तित्व में सात्विकता आती है और हम उच्च जीवन-लक्ष्यों की ओर उन्मुख होते हैं.

उपासना — आंतरिक शुद्धि का अभ्यास

"उपासना" का अर्थ है — समीप बैठना; अर्थात् उस उच्चतर चेतना के निकट बैठना जो हमें श्रेष्ठ मार्ग दिखाती है. जिस प्रकार शारीरिक स्वास्थ्य के लिए नित्य स्नान और शारीरिक शुद्धि आवश्यक है, ठीक उसी प्रकार मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य के लिए आंतरिक शुद्धि उतनी ही अनिवार्य है. उपासना को नित्य कर्म में सम्मिलित करने से आंतरिक स्वच्छता का क्रम बिना व्यवधान जारी रहता है. उपासना वह साधना है जिसके माध्यम से मनुष्य अपने विचार, भावना और आचरण को शुद्ध करके, उच्च लक्ष्य की निकटता अनुभव करता है. यह आंतरिक एकाग्रता, श्रद्धा और समर्पण का अभ्यास भी है.

केवल मंदिर में जाना या माला फेरना उपासना नहीं है — नित्य अच्छा साहित्य पढ़ना, ध्यान करना, निःस्वार्थ भाव से सेवा करना भी उपासना के ही स्वरूप हैं, बशर्ते उनका उद्देश्य आत्मविकास और विवेक का परिष्कार हो.

उपासना और उपवास मिलकर चिंतन, भावना और वाणी को शुद्ध करने में सहायक होते हैं. जैसे कीबोर्ड पर जो बटन दबाते हैं वही अक्षर स्क्रीन पर दिखता है, ठीक उसी प्रकार मन में बोए गए विचार और भावनाएँ हमारे आचरण और कार्यों में प्रकट होती हैं. नियमित उपवास और उपासना से इन्द्रिय-संयम, समय-संयम, अर्थ-संयम और विचार-संयम धीरे-धीरे जीवन का स्वाभाविक अंग बन जाते हैं.

जैसे नए बैल या घोड़े को कार्य के उपयुक्त बनाने के लिए क्रमिक अभ्यास और उचित प्रक्रिया का उपयोग किया जाता है, वैसे ही मन को नियंत्रित करने और उचित दिशा में लगाने के लिए उपासना का नियमित अभ्यास आवश्यक है. जब समय और स्थान भी निश्चित कर लिए जाएँ, तो यह अभ्यास और अधिक प्रभावशाली हो जाता है.

अनुष्ठान — आत्मविकास की विशेष साधना

“अनुष्ठान” का अर्थ किसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए योजनाबद्ध, क्रमबद्ध और एक विशिष्ट समय पर किया जाने वाला कार्य या प्रक्रिया. यह कोई भी कार्य हो सकता है जिसे व्यक्ति या समूह एक विशिष्ट समय पर एक विशेष ढंग से, अनुशासन के साथ शारीरिक, मनोवैज्ञानिक, सामाजिक या व्यवहारिक विकास और प्रवीणता के उद्देश्य करता है.

उपवास और उपासना में नियमितता आने के बाद अगला पड़ाव अनुष्ठान है. इसे इस प्रकार समझें — एक खिलाड़ी प्रतिदिन अभ्यास करता है, किन्तु एक निश्चित अंतराल पर वह ट्रेनिंग कैम्प में भाग लेकर अपना स्तर और ऊँचा करता है. सैनिक नित्य के युद्धाभ्यास के अतिरिक्त विशेष युद्ध-प्रशिक्षण में भाग लेते हैं. कर्मचारी दैनिक कार्य से बहुत कुछ सीखते हैं, फिर भी विशेष प्रशिक्षण से उनकी क्षमता नए स्तर पर पहुँचती है.

इसी प्रकार, आत्मविकास को नई ऊँचाइयाँ देने के लिए निश्चित अंतराल पर अनुष्ठान करना चाहिए. अनुष्ठान के दौरान स्वच्छ, शान्त और सात्विक वातावरण बनाए रखना भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है. हमारा मन टिड्डे की भाँति होता है — जैसे टिड्डे का रंग हरी घास में हरा और सूखी घास में भूरा हो जाता है, वैसे ही अच्छे वातावरण में हमारा मन उच्च स्तर की सोच को जन्म देता है और प्रदूषित वातावरण में निम्न विचारों को.

जिस प्रकार जुताई, बुआई और उचित समय तथा वातावरण से फ़सल लहलहाती है, उसी प्रकार उपवास, उपासना, अनुष्ठान और अनुकूल परिवेश से मानव-जीवन लहलहाता है।

योगत्रयी का समन्वय — एक वैज्ञानिक दृष्टि

उपवास, उपासना और अनुष्ठान को जब हम इस समग्र परिप्रेक्ष्य में देखते हैं, तो स्पष्ट होता है कि ये केवल धार्मिक रीतियाँ नहीं हैं — ये काया, विचार और भावना को शुद्ध करने की एक क्रमिक वैज्ञानिक प्रक्रिया है. जैसे कंप्यूटर में इनपुट किया गया डेटा ही आउटपुट में प्रकट होता है, वैसे ही हमारे मन में संचित विचार और भावनाएँ हमारे व्यवहार और कार्यों में प्रकट होती हैं.

यहाँ एक महत्त्वपूर्ण भेद पर ध्यान देना आवश्यक है. श्रमिक और पहलवान — दोनों शारीरिक श्रम करते हैं; किन्तु एक थक जाता है, जबकि दूसरे का शरीर विकसित होता है. अंतर केवल उद्देश्य का है — एक मजबूरी में श्रम करता है, दूसरा विकास के संकल्प से. इसीलिए उपवास, उपासना और अनुष्ठान का उद्देश्य भी उच्च होना चाहिए. यदि ये केवल इच्छापूर्ति के लिए हों, तो मजदूरी जैसा फल मिलेगा; किन्तु यदि आत्म-परिष्कार के उद्देश्य से की जाएँ, तो आत्मविकास निश्चित है.

जिस प्रकार पहलवान की बलिष्ठता, खिलाड़ी की फुर्ती और सैनिक की चुस्ती नियमित अभ्यास से प्राप्त होती है और विशेष प्रशिक्षण से उसे अगले स्तर पर ले जाया जाता है — ठीक उसी प्रकार उपवास, उपासना और अनुष्ठान साधारण मनुष्य को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से अधिक सशक्त, शान्त और सात्विक बनाने में सहायक हैं.

निष्कर्ष

रोज़मर्रा की ज़िंदगी में भौतिक दृष्टिकोण अपनाते-अपनाते उपयोग की भावना ज़्यादा प्रबल होती जाती है, और हमारे संयम और सद्गुणों का धीरे-धीरे क्षय होता जाता है. उपवास, उपासना, और अनुष्ठान का उपयोग सहयोगवाद की ओर बढ़ाने में मदद करते और इस तरह हमारे संयम और सद्गुणों का विकास होता है. इसलिए, यह आवश्यक है कि हम उपवास, उपासना और अनुष्ठान में निरंतरता बनाए रखें. उपवास, उपासना और अनुष्ठान अलग-अलग प्रकार की हो सकती है. जैसे, नित्य अच्छा साहित्य पढ़ना, निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा भी एक प्रकार की उपासना ही है, अगर उसका उद्देश्य आत्मविकास हो, विवेक का विकास हो. महत्वपूर्ण यह है कि हम इसे अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं. इससे हम सभी आत्मविकास के मार्ग पर निरंतर प्रगति कर सकेंगे और एक संपूर्ण, संतुलित जीवन जी सकेंगे.

हम कह सकते हैं कि उपवास, उपासना और अनुष्ठान आत्मविकास की एक प्रक्रिया है. जिसके द्वारा चिंतन और भाव का परिशीलन और उचित संयोजन होता है. जैसे-जैसे चिंतन और भावना परिष्कृत होती जाती है, हम ज्यादा शांत, शीतल और सात्विक महसूस करने लगते हैं. इस तरह उपवास, उपासना और अनुष्ठान हमें ना सिर्फ आत्मबल बढ़ाने में मदद करते हैं परन्तु आकांक्षाओं का स्तर भी ऊंचा करने में मदद करते है.

You May Also Like

आत्मोन्नति  के विविध आयाम: एक समग्र दृष्टिकोण
आत्मनिरीक्षणआत्मचिंतनआत्मशोधनआत्मसुधारआत्मनिर्माणआत्मविकासआत्मदर्शनआत्मकल्याणआत्मोन्नति

आत्मोन्नति के विविध आयाम: एक समग्र दृष्टिकोण

आत्मोन्नति एक ऐसी सतत प्रक्रिया है, जो व्यक्ति को अपने जीवन को बेहतर बनाने, अपने भीतर की कमियों को दूर करने और पूर्ण संतुष्टि की ओर ले जाने में सहायता करती है। प्राचीन ग्रंथों से लेकर आधुनिक विचारकों तक, आत्मोन्नति की यात्रा को विभिन्न आयामों से समझने का प्रयास किया गया है। भारतीय जीवन दर्शन में आत्मोन्नति को एक कला और विज्ञान दोनों के रूप में देखा जाता है, जिसमें आत्मनिरीक्षण, आत्मचिंतन, आत्मशोधन, आत्मपरिष्कार, आत्मसुधार, आत्मनिर्माण, आत्मविकास, आत्मदर्शन और आत्मकल्याण जैसे तत्व शामिल हैं। ये सभी अवधारणाएँ एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं और आत्मोन्नति के मार्ग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह लेख आत्मोन्नति के विभिन्न सोपानों के अर्थ और उनके परस्पर संबंधों को समझने का एक प्रयास है।

March 23, 2025
Read more →
विचार, विचार मंथन और विचार संशोधन : एक दार्शनिक विवेचन
आत्मविकासविचारविचार-मंथनविचार-संशोधन

विचार, विचार मंथन और विचार संशोधन : एक दार्शनिक विवेचन

अरस्तू ने भले ही मनुष्य को एक सामाजिक प्राणी कहा हो, परंतु उससे भी गहरे स्तर पर मनुष्य एक विचारशील प्राणी है। मनुष्य विचार करता है — कभी रोज़मर्रा की ज़िंदगी के बारे में, कभी भूतकाल की घटनाओं के बारे में, और कभी भविष्य के स्वप्नों के बारे में। आज के समय में जब सूचनाओं का प्रवाह तीव्र हो गया है, तब केवल विचार करना पर्याप्त नहीं है। आवश्यक यह है कि हम विचारों का परीक्षण करें, उनका मंथन करें और समयानुसार उनका संशोधन भी करें। यही प्रक्रिया व्यक्ति को परिपक्व बनाती है और समाज को प्रगतिशील दिशा देती है।

May 30, 2026
Read more →